जय गोल्ज्यू महोत्सव में कार्यक्रम पेश करते कलाकार। संवाद
अल्मोड़ा। मल्ला महल में आयोजित सात दिवसीय जय गोल्ज्यू महोत्सव के तहत शुक्रवार को आयोजित स्टार नाइट में लोक संस्कृति और संगीत की बहुरंगी छटा बिखरी। महोत्सव की इस विशेष सांस्कृतिक संध्या में जहां एक ओर देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायकों और नृत्य दलों ने अपनी सजीव प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले इस रंगारंग कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया
जय गोल्ज्यू महोत्सव की स्टार नाइट में देश के कोने-कोने से आई लोक कलाओं के अद्भुत संगम ने दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे हरियाणा के कलाकारों ने बीन जोगी, कश्मीर के दल ने रऊफ और पश्चिम बंगाल के कलाकारों ने रायवंशी लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर देश की विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि की अनूठी झलक पेश की। गायन के सत्र में लोक गायक अमित गोस्वामी ने अपने भक्तिमय अंदाज में जय मैय्या दुर्गा भवानी, जय मैय्या... भजन गाकर पूरे मल्ला महल परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। इसके बाद कुमाऊं के लोकप्रिय लोक गायक रोशन बनौला और गायिका रुचि आर्या ने एक से बढ़कर एक बेहतरीन लोकगीत गाकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी और स्टार नाइट को यादगार बना दिया।
-
स्थानीय कलाकारों ने बांधा समा, गूंजी छपेली
महोत्सव में देवभूमि उत्तराखंड की लोक विधाओं का भी जादू सिर चढ़कर बोला। हिमालयन लोक कला केंद्र अल्मोड़ा के कलाकारों ने कुमाऊं की पारंपरिक संध्यावली और छपेली नृत्य की ऐसी मनमोहक और सजीव प्रस्तुति दी कि पंडाल में बैठे दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। इसके साथ ही प्रेमरार्थ कथक कला केंद्र के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत हेडिया लोकनृत्य ने भी अपनी खास शैली से सबका ध्यान आकर्षित किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह, विधायक अल्मोड़ा मनोज तिवारी, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, शोभा जोशी, सुशील शाह, केवल सती , भैरव गोस्वामी जी, भूपेंद्र भोज गुड्डू, लता तिवारी, राधा बिष्ट आदि मौजूद रहे।