गुलदार की खाल के साथ पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
एसओजी और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान कसारदेवी में गुलदार की दो खालों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी भाग गया। पकड़ा गया आरोपी पेशे से अधिवक्ता है। इधर अधिवक्ता की गिरफ्तारी से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने एसओजी पर झूठा फंसाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को काम से विरत रहने का एलान किया है।
प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि पथनिया नयाल कफड़खान निवासी दिवान सिंह और हरीश मेहता गुलदार की दो खाल बेचने के लिए हल्द्वानी ले जा रहे थे। सोमवार सुबह कसारदेवी तिराहे के निकट दीवान सिंह को एसओजी और पुलिस टीम ने गुलदार की दो खालों समेत गिरफ्तार कर लिया, जबकि हरीश मेहता अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 120/18 और 2/9/39/49बी/51/57 वन्य जीव जंतु संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।