अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना और दीनदयाल उपाध्याय होम-स्टे योजना के जिला चयन समिति की बैठक में आवेदकों के साक्षात्कार हुए। जांच के बाद आवेदन स्वीकृत किए गए। जिन आवेदकों ने सभी औपचारिकताएं पूरी नहीं कीं उन्हें 15 दिनों का समय दिया गया है।
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना के तहत वाहन मद में कुल दस आवेदन आए थे। जिसमें से छह आवेदन स्वीकृत हुए। अन्य चार आवेदनों को औपचारिकताएं पूरी नहीं होने पर अस्वीकार कर दिया गया।
उन आवेदकों को 15 दिन के अंदर औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। होम-स्टे योजना के तहत भी अस्वीकृत आवेदकों को सभी दस्तावेज पूरे करने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया। डीएम ने कहा कि 20 दिन के भीतर लंबित आवेदकों के लिए एक और बैठक आयोजित की जाएगी। होम स्टे के तहत योजना से लाभ लेने वाले इच्छुक आवेदकों के लिए डीएम ने पर्यटक विकास अधिकारी को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में भूमि, बने हुए भवन आदि को सत्यापित किया जाएगा। बैठक में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक डॉ. दीपक मुरारी, पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, लीड बैंक अधिकारी रजनीश कुमार शाह आदि मौजूद रहे।