एपीएल प्रतियोगिता की जानकारी देते पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में एपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता की तैयारी शुरू हो गई है। स्व. तिलक वर्मा स्मृति अल्मोड़ा प्रीमियर लीग के तहत 16 अप्रैल से शुरू होने वाली एपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता में इस बार उत्तराखंड और बाहरी राज्यों के 102 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सुबह दस बजे विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान करेंगे। विजेता टीम को ट्राफी के साथ एक लाख रुपये और उप विजेता टीम 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को स्कूटी दी जाएगी। टी-20 ओवरों पर आधारित प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम दस लीग मैच खेलेगी और सर्वश्रेष्ठ अंकों वाली टीमें प्लेआफ के आधार पर फाइनल खेलेंगी।
अल्मोड़ा प्रीमियर लीग के सचिव राजेंद्र तिवारी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि क्रिकेट को बढ़ावा देने और उदयीमान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए जय गोलू क्रिकेट क्लब पिछले छह सालों से लगातार एपीएल प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जेडी कोसमोच, अल्मोड़ा सुपरजेंट्स, विक्टोरिया, प्लेयर्स, स्वराज स्पार्टन और टच स्टोन समेत छह टीमें भाग ले रही हैं। प्रत्येक टीम 10 लीग मैच खेलेगी और दिन में दो मैच होंगे। वार्ता के दौरान अजीत कार्की, संजय वर्मा, मुराद खान, पंकज भगत, कमल जोशी मौजूद थे।