मौलेखाल (अल्मोड़ा)। पारस संस्था की ओर से शनिवार को जीआईसी देवायल के छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त समाज निर्माण और व्यसन मुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया गया। वहीं गांव के बाजार में नशेड़ियों के हुड़दंग से लोग परेशान हैं। देवायल में हुई गोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्त जीवन जीने, व्यसन मुक्त समाज निर्माण का संकल्प लिया।
नंदन सिंह रावत ने कहा कि 60 प्रतिशत युवा नशे की चपेट में आ गया है। नशाखोरी से युवाओं में नकारात्मक सोच पनप रही है। समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया तो इसके गंभीर नतीजे भुगतने पड़ेंगे। इसलिए जागरूकता अभियान के माध्यम से ही युवाओं को नशे की चपेट में आने से बचाया जा सकता है। इस दौरान मोहन सिंह रावत, एके श्रीवास्तव, निर्मला मेहरा, एमएम रावत आदि थे।
वहीं जहां एक ओर ब्लॉक क्षेत्र में नशामुक्ति अभियान चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ नशेड़ियों पर इसका असर नहीं पड़ रहा है। बाजार में आए दिन कई लोग शराब के नशे में मदहोश रहते हैं। नशे में धुत कई लोग बाजार में हुड़दंग करते हैं जबकि अधिक नशा होने पर शराबी सड़क किनारे पड़े रहते हैं। इससे लोगों को परेशानी होती है। अपराध समेत दुर्घटना की भी आशंका रहती है।