फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अल्मोड़ा बेस अस्पताल में एक और डॉक्टर संक्रमित, नहीं लगाया था टीका

विज्ञापन
लोधिया बैरियर में तैनात स्वास्थ्य कार्मिक। - फोटो : ALMORA
विज्ञापन
अल्मोड़ा। लाख कोशिशों के बाद भी जिले में स्वास्थ्य कार्मिकों को शतप्रतिशत कोरोना टीका नहीं लग सका। नतीजतन दूसरी लहर में फिर से स्वास्थ्य कार्मिक चपेट में आने लगे हैं। बेस अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात एक और डॉक्टर में संक्रमण की पुष्टि हुई है। डॉक्टर को आइसोलेट कर दिया गया। वहीं दो दिनों बाद अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड को सैनिटाइज करने के बाद मरीजों के लिए संचालित कर दिया गया है।
विज्ञापन

16 जनवरी को टीकाकरण की शुरूआत के साथ ही पहले चरण में स्वास्थ्य कार्मिकों को टीका लगाया गया। पहले चरण में करीब 5300 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगना था। हालांकि बाद में ये डाटा बढ़ गया और अब तक 5500 से अधिक स्वास्थ्य कर्मी टीका लगवा चुके हैं। किन्हीं कारणवश करीब पांच प्रतिशत स्वास्थ्य कार्मिकों ने टीके की एक भी डोज नहीं लगाई।
इधर अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर के साथ ही स्वास्थ्य कार्मिक एक बार फिर कोरोना की चपेट में आने लगे हैं। बीते शनिवार को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात एक डॉक्टर में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। रविवार और सोमवार इमरजेंसी सेवाएं बंद कर डॉक्टर के संपर्क में आए 20 स्वास्थ्य कर्मियों के जांच के लिए स्वैब लिए गए। इधर सोमवार देर रात एक और डॉक्टर में संक्रमण की पुष्टि हो गई। हालांकि अन्य 19 स्वास्थ्य कार्मिकों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई, लेकिन एक और डॉक्टर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया।
विज्ञापन

अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि शनिवार के बाद अब सोमवार को भी एक डॉक्टर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टर को आइसोलेट कर दिया गया है। किसी कारण डॉक्टर ने टीका नहीं लगवाया था। मंगलवार को इमरजेंसी वार्ड सैनिटाइज कर संचालित कर दिया गया है। यहां सेवाएं मिलना शुरू होंगी।
परीक्षा के चलते नहीं लगाया टीका
अल्मोड़ा। बेस अस्पताल में तैनात मेडिकल कॉलेज के करीब 12 डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों को फिलहाल वैक्सीन की एक भी डोज नहीं लगी है। जानकारी के अनुसार डॉक्टरों की उच्च शिक्षा संबंधित कोई परीक्षा होनी है। इस कारण उनकी टीके की पहली और दूसरी डोज का समय गड़बड़ा रहा है। इसके चलते डॉक्टरों ने टीका नहीं लगवाया। (संवाद)
छात्रा समेत आठ नए संक्रमित मिले
अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर अल्मोड़ा के शिक्षा संकाय की एक छात्रा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। छात्रा को आइसोलेट कर दिया गया है। छात्रा में संक्रमण की पुष्टि होने से परिसर में हड़कंप मच गया। परिसर निदेशक प्रो. नीरज तिवारी ने बताया कि विभागाध्यक्ष ने छात्रा के संक्रमित निकलने की सूचना दी है। बुधवार को शिक्षा संकाय विभाग बंद रहेगा, विभाग को सैनिटाइज किया जाएगा। जबकि छात्रा के संपर्क में आए अन्य लोगों से आइसोलेट रहने के लिए कहा गया है। इधर मंगलवार को जिले में संक्रमित पाए गए सात में से छह लोग अल्मोड़ा नगर क्षेत्र के हैं। एक मामला रानीखेत का है। नए मरीज के साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 3410 पहुंच गई है, जिसमें से 3355 स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 30 पहुंच गई है।
जिले में 4336 लोगों को लगा टीका
अल्मोड़ा। जिले में मंगलवार को कुल 4336 लोगों को कोरोना का टीका लगा। 1481 वरिष्ठ नागरिकों को टीके की पहली डोज लगी।
मंगलवार को जिले के 45 केंद्रों में पांच हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था। सभी केंद्रों में 13 स्वास्थ्य और 28 अग्रिम पंक्ति के कार्मिकों को दूसरी डोज का टीका लगाया गया। वहीं 45 साल से अधिक उम्र के 2855 और 1481 वरिष्ठ नागरिकों को टीके की पहली डोज लगी। तमाम केंद्रों में कुल 4336 लोगों ने टीका लगवाया। केंद्रों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में बाहर तक लंबी कतार में लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
लोधिया बैरियर पर 40 पर्यटकों के स्वैब लिए
अल्मोड़ा। लोधिया बैरियर में बाहरी राज्यों से आने वालों की स्क्रीनिंग, जांच और ट्रेसिंग का कार्य जारी है। मंगलवार को बैरियर में आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट नहीं लाने और जांच नहीं कराने पर पर्यटकों के करीब 10 वाहनों को वापस लौटाया। बाहरी राज्यों से आए 69 सैलानियों की स्क्रीनिंग की गई। रिपोर्ट नहीं लाने वाले 40 लोगों की आरटीपीसीआर जांच के लिए स्वैब लिए गए।
कोरोना की दूसरी लहर को रोकने के लिए जिला प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। संक्रमण पर नियंत्रण पाने के लिए लोधिया बैरियर में कोविड जांच केंद्र स्थापित किया गया है। जिले में बाहरी राज्यों से आने वालों के लिए कोरोना आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट निगेटिव लाने की बाध्यता की गई है। जांच रिपोर्ट निगेटिव नहीं लाने वाले लोगों के लोधिया बैरियर में ही स्वैब लिए जा रहे हैं। वहीं जांच कराने में असमर्थ लोगों को जिले में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। मंगलवार को भी लोधिया बैरियर में दोपहर तक बाहरी राज्यों से पर्यटकों के 35 वाहन पहुंचे, अल्मोड़ा आने से पूर्व उन्हें रोका गया। ऐसे में करीब 69 पर्यटकों की स्क्रीनिंग की गई, जबकि जांच रिपोर्ट नहीं लाने वाले 40 पर्यटकों के मौके पर ही स्वैब लिए गए। इसके साथ ही जांच रिपोर्ट नहीं लाने और जांच कराने में असमर्थ करीब दस वाहन पर्यटकों को बैरंग लौटना पड़ा। स्वास्थ्य कार्मिकों की टीम में डॉ. विशाल सर्मा आर विक्रांत डिमरी आदि मौजूद रहे।
कोरोना जांच रिपोर्ट के बगैर पहुंचे तो लौटना होगा वापस
रानीखेत (अल्मोड़ा)। कोरोना की दूसरी लहर के बीच सीमा क्षेत्रों के बैरियरों पर निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। नैनीताल जिले से लगी रानीखेत तहसील के भुजान बैरियर पर बगैर कोरोना जांच रिपोर्ट लेकर पहुंचे दूसरे राज्यों के कुछ लोगों को वापस लौटा दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने वहां कुल 110 लोगों के स्वैब के नमूने लिए।
भुजान बैरियर पर सभी की कोरोना जांच की जा रही है। कोरोना के मामले प्रदेश में निरंतर बढ़ रहे हैं, जिस कारण दहशत और भी बढ़ रही है। शासन प्रशासन भी कोरोना की दूसरी लहर को लेकर पूरी तरह से सतर्कता बरते हुए हैं। सीमा क्षेत्रों पर स्थित बैरियरों में चौकसी और निगरानी निरंतर बढ़ाई जा रही है। रानीखेत तहसील के भुजान बैरियर पर मंगलवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर बाहरी क्षेत्रों से आ रहे लोगों की कोरोना जांच की। कुल 110 लोगों के स्वैब के नमूने लिए गए। बाहरी राज्यों से बगैर कोरोना जांच रिपोर्ट लेकर पहुंच रहे लोगों को वापस भी लौटाया गया। यहां डा. अदिति कटियार, डा. भारत सिंह, गजेंद्र पाठक, प्रियंका धानिक, राजस्व उपनिरीक्षक गिरीश कुमार, हरीश सिंह, विजेंद्र नाथ आर्या, कुंदन धपोला, जाकिर हुसैन आदि ने सहयोग किया। रानीखेत नगर क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की टीम निरंतर मास्क के प्रति लोगों को जागरूक कर रही है। एसएसआई फिरोज आलम के नेतृत्व में बगैर मास्क पहने लोगों के चालान किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें