आचार्य नरेंद्र देव राजकीय हाईस्कूल मंगलता के पच्चीसवें वार्षिकोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। मुख्य अतिथि विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि शिक्षक ईमानदारी से कर्तव्यों का पालन कर बच्चों के भविष्य को सवारें। नौनिहालों को गुणवत्ता परक शिक्षा देना सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में रोजगार सीमित हैं। शिक्षकों का दायित्व है कि बच्चों की प्रतिभा को पहचान कर उनमें आत्मविश्वास जगाएं। प्रतिभा के लिए संसाधनों की आवश्यकता नहीं है बल्कि आत्मविश्वास होना जरूरी है। प्रदेश सरकार ने बालिका शिक्षा के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। योजनाओं का लाभ छात्राओं तक पहुंचाया जाए। पुन: कांग्रेस सरकार बनने पर छह माह के भीतर स्कूल को इंटरमीडिएट की मान्यता दिलाने का आश्वासन दिया।
इससे पूर्व छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्र मुग्ध किया। प्रधानाचार्य रमेश सिंह महरा ने बताया कि वर्ष 1991 में प्रताप भैया ने स्कूल की स्थापना की थी। स्कूल में वर्तमान में 245 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि वन विकास निगम के उपाध्यक्ष धरम सिंह मेहरा, मान सिंह चम्याल, दान सिंह, महेंद्र बसंत नेगी, गंगा देवी, मोहन सिंह नेगी, त्रिलोचन उप्रेती, चंदन नेगी, वीरेंद्र कुमार, प्रहलाद सिंह, मोहन सिंह, दिनेश चंद्र भट्ट, बंशीलाल, जीवन सिंह, केशर सिंह, नीमा, पूरन चंद्र जोशी आदि उपस्थित थे।