अल्मोड़ा। अल्मोड़ा की होनहार कराटे खिलाड़ी अंजलि तिवारी ने कराटे की मास्टर डिग्री ब्लैक बेल्ट प्राप्त की है। खिलाड़ी को नेशनल कराटे एकेडमी इंडिया की ओर से आयोजित ब्लैक बेल्ट परीक्षा पास करने पर ब्लैक बेल्ट मिली है।
रानीखेत में नेशनल कराटे एकेडमी इंडिया की ओर से हुई ब्लैक बेल्ट परीक्षा में अल्मोड़ा की कराटे खिलाड़ी अंजलि ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। परीक्षा उत्तीर्ण करने पर अंजलि ने ब्लैक बेल्ट प्राप्त की है।
खेल विभाग के कराटे कोच और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी यशपाल भट्ट ने बताया कि नेशनल कराटे एकेडमी इंडिया की उत्तराखंड प्रदेश महासचिव और एशियन पदक विजेता प्रज्ञा जोशी ने अंजलि को ब्लैक बेल्ट मास्टर डिग्री का प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्य परीक्षक एशियन कोच, रेफरी और नेशनल कराटे एकेडमी इंडिया के महासचिव सतीश जोशी और अंतरराष्ट्रीय चैंपियन निलेश जोशी थे। कोच यशपाल ने बताया कि अंजलि राष्ट्रीय कराटे की पदक विजेता हैं। अंजलि ने पिता नवीन चंद्र तिवारी और माता ममता तिवारी समेत गुरुजनों को इस उपलब्धि का श्रेय दिया है।
उन्हें ब्लैक बेल्ट मिलने पर डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी पीएन मीणा, जिला खेल अधिकारी सीएल वर्मा, प्रधानाचार्या गोदावरी चतुर्वेदी आदि ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।