अल्मोड़ा। विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अल्मोड़ा के कर्मचारी लामबंद हो गए हैं। बृहस्पतिवार से कार्मिक होम आइसोलेशन (कार्य बहिष्कार) पर चले गए। जिले के 250 से अधिक एनएचएम कर्मी होम आइसोलेशन में रहे। इससे व्यवस्थाएं बुरी तरह चरमरा गईं। फिलहाल चार दिवसीय कार्य बहिष्कार पर गए कार्मिकों ने मांग पूरी नहीं होने पर कड़े कदम उठाने की चेतावनी दी।
बता दें कि विभिन्न समस्याओं का शीघ्र निस्तारण की मांग कर रहे कर्मचारियों में भारी रोष है। 28 मई से कर्मचारी बांह पर काली पट्टी बांध सांकेतिक प्रदर्शन के साथ कार्य कर रहे थे। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर वे बृहस्पतिवार से होम आइसोलेशन में चले गए हैं।
एनएचएम की जिलाध्यक्ष डॉ. शिखा जोशी ने बताया कि कार्मिकों ने होम आइसोलेशन में जाकर कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। जिले के लगभग 250 कार्मिक होम आइसोलेशन में रहे। अब वह तीन से छह जून तक होम आइसोलेशन में रहेंगे। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। होम आइसोलेशन में जाने वालों में डॉ. देवेश मेहरा, डॉ. देवेंद्र उप्रेती, दीपक भट्ट, गोविंद कुंजवाल, खीम सिंह नगरकोटी, योगेश जोशी, प्रियंका, चांदनी, हेमा, रवि मिश्रा आदि रहे। कार्मिकों के होम आइसोलेशन में जाने से सैंपलिंग, आपातकालीन सेवाएं, टीकाकरण, कंट्रोल रूप समेत तमाम व्यवस्थाएं बुरी तरह चरमरा गईं।
कुंजवाल ने सीएम से की समस्याओं के निस्तारण की मांग
अल्मोड़ा। जागेश्वर विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेज एनएचएम कार्मिकों की समस्याओं के निस्तारण की मांग उठाई है। उन्होंने सीएम को भेजे पत्र में कहा कि मांगों को लेकर कार्मिकों में लगातार नाराजगी है। कोरोना काल में बेहतरीन कार्य कर रहे कार्मिकों का मनोबल भी टूट रहा है। ऐसे में वह मजबूरन होम आइसोलेशन में जा रहे हैं। इधर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राजीव कर्नाटक ने अग्रिम पंक्ति में खड़े राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्मिकों की मांग पूरी नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार की अनदेखी से नाराज होकर कार्मिक मजबूरन काम छोड़ होम आइसोलेशन में चले गए हैं।