समान कार्य के लिए समान वेतन देने और नियमितीकरण करने सहित तमाम मांगों को लेकर बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलाजी (बीटीकेआईटी) के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का सोमवार को भी धरना जारी रहा। आंदोलन की उपेक्षा से नाराज कर्मचारियों ने अब उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। आंदोलन को समर्थन देने के लिए कई लोग वहां पहुंचे।
मालूम हो कि बीटीकेआईटी के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी मांगों को लेकर पिछले छह दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वह लोग ईमानदारी पूर्वक मनोयोग से कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान आज तक नहीं किया गया है। समान कार्य के लिए समान वेतन के मामले में पूर्व में सरकार ने बीओजी की बैठक में संस्तुति दे दी थी, लेकिन कालेज प्रशासन ने उसे आज तक लागू नहीं किया है। कहा कि पिछले छह दिनों से धरना चल रहा है, लेकिन मांगों पर अभी तक सार्थक कार्रवाई नहीं हुई है। कालेज प्रशासन पर हठधर्मिता का आरोप लगाया गया। कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो संस्थान में तालाबंदी जैसे कदम भी उठाए जाएंगे। धरने को समर्थन देने के लिए वहां सलना की प्रधान गुड्डी देवी, मोहन सिंह, सुरेंद्र सिंह रावत, नारायण रावत, भूमि अध्याप्ति संगठन के सदस्य कुंवर सिंह बजेठा सहित तमाम लोग पहुंचे।