अल्मोड़ा। भाजपा नेता सांसद सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ की गई कथित अनर्गल टिप्पणी से युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए हैं। युकां कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में सुब्रमण्यम स्वामी का पुतला जलाया। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी को पत्र देकर सुब्रमण्यम स्वामी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई है।
युकां कार्यकर्ता चौघानपाटा में एकत्र हुए और उन्होंने भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी की है और उनका कथन झूठा है। सुब्रमण्यम स्वामी का बयान राजनीतिक दलों के बीच वैमनस्य बढ़ाने वाला है। उनके बयान से राहुल गांधी और देश, प्रदेश के कांग्रेसजनों को आघात पहुंचा है। पुलिस से उन्होंने सांसद सुब्रमण्यम स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मेहरा, पुष्कर सिंह बिष्ट, सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष ललित फत्र्याल, सूरज वाणी, कृष्णा रावत, कमलेश नेगी, हर्ष कनवाल, छात्रसंघ उपाध्यक्ष पुष्कर बिष्ट, पंकज खंपा, आशीष रावत, वीरेंद्र चंद्र, राहुल कनवाल, हिमांशु कनवाल, गौरव राठौर, विक्रम डंगवाल, पुनीत प्रभात आदि शामिल थे।
उधर युवा कांग्रेस अल्मोड़ा विधानसभा अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह गैलाकोटी के नेतृत्व में भी कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को पत्र देकर भाजपा सासंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पत्र में ललित सतवाल, जिला उपाध्यक्ष निर्मल ररावत, राहुल खोलिया, राजीव कर्नाटक, दीपांशु पांडे, पूरन सिंह रौतेला आदि के हस्ताक्षर हैं।