तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज महिलाओं ने मंगलवार को तहसील परिसर में धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शराब का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, लेकिन प्रशासन अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने 36 घंटे के भीतर इस मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। इस संबंध में अग्रिम रणनीति तय करने के लिए कल बुधवार को ग्राम पंचायत पुभाऊं में बैठक होगी।
महिलाओं का आरोप है तहसील क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री जोरों पर हो रही है, लेकिन प्रशासन इस पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रहा है। बुधवार को नया संग्रौली की क्षेत्र पंचायत सदस्य धना धौनी, सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश गुरुरानी, प्रधान रेखा शर्मा, सरपंच नारायण सिंह रौतेला के नेतृत्व में महिलाओं ने जैंती तहसील में धरना दिया। नाराज महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन के नाक तले क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के बढ़ते कारोबार के चपेट में स्कूली बच्चे भी आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि 36 घंटे के भीतर अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो महिलाएं आंदोलन तेज करने को बाध्य होंगी।
इस मौके पर बताया गया कि इस मामले में अग्रिम रणनीति तय करने के लिए कल 15 मार्च को ग्राम पंचायत पुभाऊं में बैठक होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी। धरना और नारेबाजी करने वालों में पुष्पा रौतेला, गंगा देवी, ममता देवी, राधिका देवी, तुलसी देवी, मुन्नी देवी, शीला धानक, नंदी धानक, ममता गुरुरानी, पनुली नाथ, राधिका नेगी, हंसा देवी, तुलसी आर्या, हेमा देवी, विमला देवी, सरिता देवी, आशा देवी, गंगा नेगी, राधा देवी, मोहनी, तुलसी देवी आदि शामिल हैं।