अल्मोड़ा/जागेश्वर। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान लोगों ने बुधवार को यूपीसीएल का पुतला फूंका। उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। बाद में तहसीलदार के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा।
बिजली कटौती से आक्रोशित लोगों ने जागेश्वर बाजार में नारेबाजी की। व्यापारियों ने कहा कि जागेश्वर में मौसम खराब होते ही बिजली ठप हो जाती है। इससे श्रद्धालुओं, व्यापारियों सहित आम जनता को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। विजय कुमार ने कहा कि जागेश्वर के लिए पानुवानौला के जंगल से होकर बिजली लाइन गुजरती है। तेज हवा चलते ही टहनियां तारों से टकरा जाती है और कई बार पेड़ भी बिजली लाइन पर गिर जाते हैं। लंबे समय से वह व्यवस्थाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने बिजली कटौती से राहत दिलाने के लिए आरतोला में बिजलीघर बनाने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों में हरिमोहन भट्ट, गिरीश भट्ट, बबलू प्रसाद, दयाल पांडे, हिमांशु भट्ट, नाथू भट्ट, दिनेश भट्ट, राहुल प्रसाद, शंकर भट्ट, अनिल कुमार, राजकुमार, गुलशन कुमार, भगवान भट्ट आदि शामिल रहे।