चौखुटिया(अल्मोड़ा)। मासी-चौखुटिया मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग के लिए सोमवार को भटकोट में ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने सड़क के गड्ढों पर पौधरोपण कर अनोखे अंदाज में विरोध जताया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
आंदोलनकारियों का कहना था कि लंबे समय से सड़क जर्जर हालत में है जिससे आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही हैं। जगह-जगह गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऑपरेशन स्वास्थ्य के संयोजक भुवन कठायत के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान सहायक अभियंता राजेंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। वार्ता के बाद यह सहमति बनी कि मंगलवार से सड़क के गड्ढों को भरने का कार्य शुरू किया जाएगा जबकि 15 दिनों के भीतर डामरीकरण का काम भी प्रारंभ कराया जाएगा। धरना स्थल से संबंधित ठेकेदार से भी दूरभाष पर बातचीत कर कार्य शीघ्र शुरू करने का आश्वासन लिया गया। आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया लेकिन तय समय सीमा में काम शुरू न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। धरने में पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, अधिवक्ता अशोक कुमार, मदन कुमंया, ललित बिष्ट, प्रधान विपिन शर्मा, सुरेंद्र सिंह नेगी, पप्पू बिष्ट, महेश्वर बिष्ट आदि मौजूद रहे।