अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा विकासखंड में सोमवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चायखान के पास बलिया-बैगनिया मोटर मार्ग पर हुआ जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे मारुति ऑल्टो कार (यूके 04 जेड 5819) बलिया-बैगनिया मार्ग पर सवारियां लेकर जा रही थी। वाहन में सवार सभी लोग ग्राम विशौद बैगनिया से अपने गांव बलिया लौट रहे थे। रास्ते में अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के समय कार में चालक समेत छह लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना देने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर पहुंचे।
लमगड़ा थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज के लिए जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया जहां से उन्हें एयर एंबुलेंस से हल्द्वानी भेज दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
इधर एक ही गांव के चार लोगों की मौत की खबर से बलिया गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घायलों का विवरण
गोपाल सिंह (45) पुत्र खीम सिंह, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, जिला अल्मोड़ा
सचिन सिंह बिलवाल (18) पुत्र राजेन्द्र सिंह बिलवाल, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, जिला अल्मोड़ा
मृतकों का विवरण
राजेन्द्र सिंह बिलवाल (40) पुत्र नारायण सिंह, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, जिला अल्मोड़ा
जगदीश सिंह (35) पुत्र लछम सिंह, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, जिला अल्मोड़ा
लछम सिंह (56) पुत्र प्रताप सिंह, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, जिला अल्मोड़ा
पान सिंह (55) पुत्र विशन सिंह, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, जिला अल्मोड़ा
कोट
इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि किशोर समेत लोग घायल हो गए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। हादसे के कारणों की जांच की जाएगी। - भावना कंठौला, सीओ, अल्मोड़ा