अल्मोड़ा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के सचिव और महाप्रबंधक पीसी तिवारी ने कहा है कि 50 शाखाओं के माध्यम से बैंक ग्राहकों को सभी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। बैंक की 25वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक को संबोधित करते हुए तिवारी ने कहा कि पिछले साल की तुलना में बैंक की कार्यशील पूंजी में 233.63 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है जो बढ़कर 2360.61 करोड़ हो गई है। बैंक का शुद्ध लाभ 23.51 करोड़ रहा, जो कि पिछले वर्ष की अपेक्षा 56 लाख अधिक है। 2017 में बैंक का व्यवसाय चार हजार करोड़ पहुंचाने का लक्ष्य है।
तिवारी ने कहा कि निक्षेपों में पिछले साल की तुलना में 195.12 करोड़ की वृद्धि होकर 2039.26 करोड़, लोन और अग्रिमों में पिछले वर्ष वर्ष की तुलना में अधिक लोन बांटने के बावजूद अच्छी वसूली हुई है। 890.64 करोड़ लोन लगा रहा। बैंक की निजी पूंजी 233.51 करोड़ हो गई है। बैंक का ग्रॉस एनपीए 2.96 फीसदी और नेट एनपीए शून्य है। बैक द्वारा कुल लोन का 61.20 फीसदी प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में देकर देश की प्रगति में सराहनीय योगदान दिया जा रहा है। बैंक द्वारा प्रत्यक्ष रूप से 732 लोगों को रोजगार दिया गया है।
बैठक में बैंक के अंशधारकों को 14 फीसदी लाभांश देने की घोषणा की गई। तिवारी ने बताया कि 31 मार्च तक 1063.68 करोड़ की धनराशि सरकारी प्रतिभूतियों में भारतीय रिजर्व बैंक के पास विनियोजित हैं। बैंक के 23 एटीएम हैं। बैंक उत्तराखंड का प्रथम सहकारी क्षेत्र का बैंक है जो भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) का प्रत्यक्ष मेंबर है। बैंक ने वर्ष 2015-16 में 11.66 करोड़ से अधिक अग्रिम आयकर भी जमा किया है। बैंक के अध्यक्ष आनंद सिंह बगडवाल ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया है। बैंक के रजत जयंती वर्ष के मौके पर श्रेष्ठ सेवाओं के लिए बैंक के महाप्रबंधक पीसी तिवारी, सहायक महाप्रबंधक आनंद सिंह सौतियाल समेत पांच अधिकारियों को सम्मानित किया गया। बैठक में बैंक के उपाध्यक्ष सुनील कुमार अग्रवाल, संचालक विजय बंसल, श्याम लाल साह, लक्ष्मण लाल वर्मा, प्रभा साह, नयन राम, आभा वर्मा, जयानंद डिमरी, महेश जोशी, रीता टंडन, सुनील तिवारी, मंजू गुरुरानी, जितेंद्र बर्थवाल आदि थे।