अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ एनएच पर रविवार को चितई में आधे घंटे से भी अधिक समय तक जाम लग गया। इससे चितई स्थित ग्वल देवता मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की फजीहत हुई। इधर अल्मोड़ा नगर में भी जाम लगने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
नगर से करीब 10 किमी की दूरी पर चितई कस्बे में प्रसिद्ध ग्वल देवता मंदिर स्थित है। यहां दर्शनों को काफी संख्या में लोग आते है। इस कारण यहां लोगों की काफी भीड़ रहती है। चितई में करीब ढाई करोड़ लागत से पार्किंग का निर्माण किया गया है, लेकिन इसके बाद भी वाहन सड़क पर खड़े रहते हैं। जिससे दिन में कई बार जाम लगता है। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ एनएच पर रविवार को चितई में दोपहर में आधा घंटा जाम लग गया। मार्ग में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण स्थानीय लोगों के अलावा मंदिर में दर्शनों को आए श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। आधे घंटे बाद किसी तरह जाम खुला और यातायात सुचारू हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि कस्बे में आए दिन जाम लगता है। लोग वाहनों को पार्किंग में पार्क करने के बजाए सड़़क में बेतरतीब खड़ा कर देते हैं। इससे जाम लगता रहता है। अल्मोड़ा माल रोड पर सड़क किनारे खड़े आड़े तिरछे खड़े वाहनों के कारण जाम लगा रहा। लोगों ने हर रोज लग रहे जाम से निजात दिलाने की मांग की है।