पालिका परिषद के सेवानिवृत्त कर्मियों और कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। दीपावली पर्व पर उन्हें पेंशन, ग्रेच्युटी और वेतन मिलने की उम्मीद है। प्रदेश शासन ने वेतन और पेंशन के लिए चार करोड़ रुपए जारी करने का शासनादेश जारी। इस धनराशि में से एक करोड़ रुपए कर्मचारियों के वेतन और तीन करोड़ रुपये सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन, ग्रेच्युटी आदि के लिए मिली है।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने सात अक्तूबर को मुख्यमंत्री हरीश रावत को जागेश्वर आगमन पर पालिका की आर्थिक स्थिति से अवगत कराया था। पालिकाध्यक्ष ने सीएम से पालिका कर्मचारियों के तीन माह के वेतन के लिए दो करोड़ रुपए और सेवानिवृत्त कर्मियों के वेतन, पेंशन ग्रेच्युटी का भुगतान करने के लिए तीन करोड़ रुपए अवमुक्त करने की मांग उठाई। जिस पर मुख्यमंत्री ने चार करोड़ रुपये अवमुक्त करने का आश्वासन पालिकाध्यक्ष को दिया था।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद शासन के अपर सचिव वित्त श्रीधर बाबा अद्दांकी ने अल्मोड़ा पालिका को चार करोड़ रुपए जारी करने का शासनादेश गत दिवस जारी कर दिया है। चार करोड़ की धनराशि में से तीन करोड़ रुपए की धनराशि से पालिका के सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन, ग्रेच्युटी आदि का भुगतान किया जाएगा। जबकि एक करोड़ रुपए पालिका कर्मियों के वेतन के लिए शासन ने दिए हैं। पालिका के अधिशासी अधिकारी एके वर्मा ने बताया कि धनराशि मिलने के बाद सेवानिवृत्त कर्मियों की पेंशन और ग्रेच्युटी का भुगतान किया जाएगा। शासनादेश के मुताबिक अग्रिम दी गई यह धनराशि अगले वित्तीय वर्ष में चतुर्थ वित्त आयोग से पालिका परिषद को मिलने वाले बजट में समायोजित की जाएगी।