जिला अस्पताल में अब रोगियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। अस्पताल में 1.36 करोड़ लागत से डिजिटल रेडियोग्राफी मशीन पहुंच गई है और एक माह के भीतर यह चालू हो जाएगी। दूसरी तरफ गंभीर रोगियों को सीढ़ियों पर चढ़कर अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में लिफ्ट लगाने के लिए सरकार ने 31.66 लाख रुपए अवमुक्त कर दिए हैं। व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अस्पताल की प्रबंधन समिति ने सीएम हरीश रावत और संसदीय सचिव मनोज तिवारी का आभार जताया है।
जिला अस्पताल में अब तक डिजिटल रेडियोग्राफी की सुविधा नहीं थी। मरीजों को डिजिटल एक्स-रे आदि के लिए बेस अस्पताल जाना पड़ता था। स्वास्थ्य विभाग ने 1.36 करोड़ रुपए की डिजिटल रेडियोग्राफी मशीन खरीद ली है। वर्तमान में अस्पताल परिसर में मशीन लगाने का काम चल रहा है। इस महीने के भीतर मशीन चालू हो जाने की उम्मीद है। सीएमएस डा. जीसी पांडे ने बताया कि अस्पताल में दो रेडियोलाजिस्ट मौजूद हैं। रेडियोग्राफी मशीन के काम करने के बाद रोगियों के उपचार में काफी सुविधा मिलेगी।
दूसरी तरफ अस्पताल परिसर में मालरोड की तरफ से लगी लिफ्ट स्थापना के बाद से ही खराब पड़ी है। गंभीर रोगियों को अस्पताल पहुंचाने को मालरोड और बाजार दोनों ओर से सीढ़ियों में चढ़ा कर ले जाना पड़ता है। लिफ्ट को सुधारने की मांग को लेकर लोग कई बार आंदोलन भी कर चुके हैं। सरकार ने इसके स्थान पर दूसरी लिफ्ट लगाने के लिए 31.66 लाख रुपए मंजूर किए हैं। जल्द ही अस्पताल में नई लिफ्ट लग जाने की उम्मीद है। लिफ्ट लग जाने के बाद गंभीर रोगियों को अस्पताल पहुंचाने और ले जाने में आसानी होगी। अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अस्पताल प्रबंधन समिति के सदस्य नगर पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, किशन गुरुरानी, गिरीश धवन, प्रताप सिंह सत्याल, अशोक पांडे, मोती लाल वर्मा ने मुख्यमंत्री हरीश रावत, संसदीय सचिव मनोज तिवारी का आभार जताया है।