नगर की मुख्य बाजार में लोगों को आने जाने में आसानी होने की उम्मीद है। पालिका प्रशासन ने बाजार से अतिक्रमण हटाने के लिए 12 फीट की चौड़ाई में लाइन खींचने का काम शुरू कर दिया है। इस निर्धारित सीमा से बाहर फड़ लगाने और सामान फैलाने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
सीमा निर्धारण के काम के चलते संडे मार्केट भी नहीं लगी। नगर की बाजार काफी संकरी है। पक्की दुकानों के आगे भी व्यापारियों ने फड़ लगवाए हैं। कई स्थानों पर दुकान स्वामियों द्वारा काफी बाहर तक सड़क की पटरी में सामान लगाया जाता है। इससे दुर्घटना के समय बाजार से फायर ब्रिगेड वाहन को निकलने में परेशानी होती है।
अतिक्रमण के चलते खरीददारों और राहगीरों को भी काफी परेशानी होती है। प्रशासन, पालिका और व्यापार मंडल ने पिछले महीने बैठक कर बाजार की सड़क को 12 फीट चौड़ाई तक अतिक्रमण मुक्त करने का निर्णय लिया था। पालिका ने नपाई के बाद सीमा निर्धारण का काम शुरू कर दिया है।
इसके चलते बाजार की पटरी पर लगने वाली संडे मार्केट भी नहीं लगी। पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने बताया कि कुछ दिन में लाइन खींचने का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद तय सीमा से बाहर फड़ और सामान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुगम आवागमन होने से जहां व्यापार बढ़ेगा वहीं आम लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी सुविधा होगी।