अल्मोड़ा। जिले की देशी शराब की 25 में से 16 और विदेशी मदिरा की 18 में से 17 तथा एक बीयर की दुकान मिलाकर नीलामी लगभग 55 करोड़ रुपये में छूटी। जिले की नौ देशी और एक विदेशी शराब की दुकान के लिए कोई आवेदन नहीं आया। इन दुकानों की नीलामी अब 26 मार्च को होगी। अल्मोड़ा कलक्ट्रेट सभागार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शराब की दुकानों की नीलामी प्रात: करीब 10 से शुरु हुई।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि विदेशी शराब की दुकानों के लिए 1219 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से अल्मोड़ा-2, रानीखेत, बाड़ेछीना की दुकानों के लिए एक-एक आवेदन ही प्राप्त हुए। संबंधित आवेदकों को दुकानें आवंटित कर दी गई। पनुवानौला की दुकान के लिए कोई आवेदन नहीं मिला। देशी शराब की दुकानों के लिए कुल 257 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे।
इनमें से पांच आवेदन पत्र जांच के बाद निरस्त कर दिए गए। बांकी 252 आवेदन पत्रों में से लाट्री के द्वारा दुकानों का आवंटन किया गया। जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि देशी शराब की पनुवानौला, गनाई, भिकियासैंण, भतरौंजखान, बगवालीपोखर, स्याल्दे, सराईखेत, मासी और पडुवाखाल की दुकानों के लिए कोई आवेदन नहीं आया। नौ देशी और एक विदेशी दुकानों का आवंटन अब 26 मार्च को होगा।
उन्होंने बताया कि इस बार देशी और विदेशी मदिरा की दुकानों का 68.74 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य रखा गया है। जबकि पिछले बार इन दुकानों से करीब 59.63 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। बीयर की एक दुकान से 15 लाख का राजस्व प्राप्त होगा।
इस बार पिछले साल की अपेक्षा 17 प्रतिशत अधिक राजस्व का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल, एडीएम इला गिरि, एएसपी अरुणा भारती, मुख्य कोषाधिकारी विक्रम सिंह जंतवाल, एसडीएम रिंकू बिष्ट, विवेक राय, जिला आबकारी अधिकारी मनोज उपाध्याय, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल आदि मौजूद थे।
अल्मोड़ा। शराब की दुकानें लेने में महिलाएं भी पीछे नहीं रही। जिला आबकारी अधिकारी मनोज उपाध्याय ने बताया कि शराब की दुकानों के लिए 248 महिलाओं के भी आवेदन थे। इनमें से पांच दुकानें महिलाओं को आवंटित हुई हैं। इनमें सोमेश्वर में विदेशी शराब की दुकान उमा बिष्ट को, कोसी की विदेशी शराब की दुकान मुन्नी देवी, बसौली में विदेशी शराब की दुकान दीपा देवी, लमगड़ा में देशी शराब की दुकान उषा देवी, कफड़ा में देशी शराब की दुकान कमला देवी के नाम आवंटित हुई है।