चौखुटिया (अल्मोड़ा)। विकासखंड चौखुटिया के दस क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विकास कार्यों में भेदभाव और कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी दी है। इस संबंध में सदस्यों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने कहा कि उनके क्षेत्रों में विकास कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है तथा कई जरूरी कार्यों की लगातार उपेक्षा हो रही है। सदस्यों के अनुसार इस मामले को लेकर 18 अप्रैल को खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी को भी शिकायत भेजी गई थी।
इसके बाद 23 अप्रैल को खंड विकास अधिकारी ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया लेकिन बातचीत का कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकल पाया। क्षेत्र पंचायत सदस्यों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
नाराज सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 18 मई से विकासखंड मुख्यालय में दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन पर कविता नेगी, उमा शंकर, भावना सिंह रावत, पिंकी देवी, रेखा देवी, आशा देवी, हेमलता, रेखा सिंह और लाल वर्मा सहित 10 सदस्यों के हस्ताक्षर हैं।