केरल में चल रहे ऑल इंडिया सीनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट में अल्मोड़ा के बोधित जोशी ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। वहीं उत्तराखंड की कुहू ने इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक पक्का कर लिया है।
उत्तरांचल बैडमिंटन संघ के प्रदेश सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि पुरुष एकल वर्ग में बोधित जोशी ने क्वार्टर फाइनल में एयर इंडिया के कार्तिकेय गुलशन को 21-11, 17-21 और 21-18 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया और वह पदक की दौड़ में शामिल हो गए हैं। बोधित ने प्री क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक के अभिषेक यलगार को 19-21, 21-12, और 21-9 से पराजित किया।
महिला युगल में उत्तराखंड को कांस्य पदक मिलेगा। सेमी फाइनल में कुहू की जोड़ी एयर इंडिया की मेघना जक्कम्पुदी और पूर्विषा से 11-21, 21-23 से हारकर बाहर हो गई। प्रतियोगिता में लक्ष्य सेन ने भी क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया लेकिन क्वार्टर फाइनल में वह कर्नाटक के डेनियल से 16-21,21-16,17-21 से हार गए। चिराग सेन भी प्री क्वार्टर तक पहुंचे।