छोटे पर्दे पर अभिनय का जादू बिखेर रही हैं अल्मोड़ा की रूप दुर्गापाल। ‘बालिका वधू’, ‘बालवीर’ जैसे टीवी सीरियलों में धूम मचाने के बाद अब बिग मैजिक चैनल के कामेडी सीरियल ‘अकबर-बीरबल’ में दिखाई देंगी। इसमें वह अकबर की पूर्व जन्म की प्रेमिका ‘नागिन’ के रूप में नजर आएंगी।
नगर निवासी पूर्व स्वास्थ्य निदेशक (कुमाऊं) डा. जेसी दुर्गापाल और प्रो. सुधा दुर्गापाल की पुत्री रूप ने देहरादून से बी-टैक करने के बाद इंफोसिस कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर पुणे और मुंबई में काम किया। इसके बाद अभिनय की दुनिया में कदम रखा। वह अब तक छोटे पर्दे में ‘शमा’, ‘सीआईडी’, ‘बाबूसा’, ‘बालबीर’, ‘हंटेड नाइट्स’, ‘बालिका वधू’ आदि सीरियलों में काम कर चुकी हैं। कलर्स चैनल के ‘बालिका वधू’ सीरियल में शिव की बहन ‘सांची’ की भूमिका में हैं। वहीं बालवीर में ‘डरी परी’ का शानदार अभिनय कर चुकी हैं।
अभिनय के अलावा रूप मॉडलिंग में भी स्थापित कंपनियों के उत्पादों के विज्ञापन कर चुकी है। प्रसिद्ध सिने अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ प्रतिष्ठित आभूषण निर्माता कंपनी के विज्ञापन भी कर चुकी हैं। ‘रूप’ अब बिग मैजिक चैनल के कामेडी सीरियल ‘अकबर-बीरबल’ में भी दिखाई देंगी। इस सीरियल में वह ‘अकबर’ की पूर्व जन्म की प्रेमिका ‘नागिन’ के रूप में नजर आएंगी। ‘अकबर’ का रोल कामेडी नाइट विद कपिल के प्रसिद्ध कलाकार ‘कीकू सरदार’ निभा रहे हैं। बिग मैजिक चैनल में रात नौ बजे से प्रसारित होने वाले ‘अकबर बीरबल’ सीरियल में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को रूप भी दिखेंगी।