अल्मोड़ा। अल्मोड़ा महोत्सव के दौरान शुक्रवार को दूसरे दिन दोपहर के समय बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। जीआईसी मैदान में जीआईसी के बच्चों ने जागर का शानदार प्रस्तुतिकरण किया। इधर बृहस्पतिवार रात जयपुर से पहुंची स्वराग बैंड की टीम ने प्रसिद्ध वाद्ययंत्र करताल से मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने ‘माही मेनू छड़यो ना, मेरे रश्के कमर तूने पहली नजर, तेरे बिन दिल नही लगंदा, ऐ मेरी जमीं, अफसोस नहीं, जो तेरे लिए सौ दर्द सहे... सहित कई गीतों की प्रस्तुतियां दी।
शुक्रवार को बीरशिवा, जीआईसी, होली एंजल, आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू इंस्प्रेशन, केंद्रीय विद्यालय, महर्षि विद्या मंदिर, मानस पब्लिक और मालविका स्कूल, मानस पब्लिक स्कूल आदि के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम और नाटक, जागर की प्रस्तुतियां दी। इससे पहले बृहस्पतिवार देर शाम स्वराग बैंड के कलाकारों कैलाश खेर के गीत तेरी दीवानी दीवानी, देश भक्ति और प्रसिद्ध राजस्थानी गीत ‘केसरिया बालम पधारो म्हारे देश रे’ गाया तो गीतों पर दर्शक अपनी जगह और स्टेज में जाकर भी नाचने लगे। इस मौके पर डीएम, सीडीओ आदि अधिकारी भी खुद को नाचने से नहीं रोक सके और स्टेज पर जाकर नृत्य भी किया। महोत्सव में सैंड आर्टिस्ट रजत कुमार ने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ‘ पर आधारित सैंड आर्ट का खूबसूरत प्रदर्शन किया और दर्शकों वाहवाही लूटी। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कलाकारों को स्मृति चिन्ह् देकर सम्मानित किया।
रामलीला का शानदार मंचन
कार्यक्रमों की शृंखला में इससे पूर्व श्रीराम भारतीय कला केंद्र के 25-30 कलाकारों ने केंद्र की निर्देशक पदमश्री शोभा दीपक सिंह के निर्देशन में रामलीला का शानदार मंचन किया। उन्होंनेे संपूर्ण रामायण, राम जन्म से लेकर राज्यभिषेक तक दो घंटे में कत्थक, छाप व भरतनाट्यम के रूप में प्रस्तुत किया। मालूम हो शोभा दीपक सिंह के निर्देशन में 63 वर्षों से देश व विदेशों में भी रामायण का मंचन किया जा रहा है।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में एसएसपी पीएन मीणा, सीडीओ मनुज गोयल, एडीएम बीएल फिरमाल, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, मुख्य शिक्षाधिकारी जगमोहन सोनी, पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, सीओ कमल राम आर्या, परियोजना प्रबंधक आजीविका कैलाश भट्ट, विनोद राठौर, जेसी दुर्गापाल, गिरीश मल्होत्रा, सहायक निबंधक सहकारिता राजेश चौहान के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी, स्वयंसेवक और अन्य लोग मौजूद थे। संचालन विद्या कर्नाटक और वर्षा शर्मा ने किया।
हॉट एयर बैलून और एटीवी राइड की सवारी की
अल्मोड़ा। महोत्सव के तहत स्थानीय स्टेडियम में हॉट एयर बैलून भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। लोगों ने हाट एयर बैलून का भरपूर आनंद लिया। इसके अलावा स्थानीय स्टेडियम में एटीवी राइड भी आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं जीजीआईसी में फिल्म मेकिंग वर्कशाप के तीसरे दिन भी युवाओं को फिल्म मेकिंग का प्रशिक्षण दिया गया। युवाओं को कहानी, सीरियल, मूवी बनाने के तौर तरीके बताए। प्रशिक्षण फिल्म इंडस्ट्री में जाने माने सिनेमेटोग्राफर राजेश साह ने दिया।
होली डे होम में चित्रकला शिविर
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा महोत्सव के तहत शुक्रवार को होलीडे होम में चित्रकार शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि इस दौरान यहां 14 कलाकार अपनी कला से विभिन्न प्रकार की पेंटिंग बनाएंगे। 20 अक्तूबर को बनायी गयी पेंटिंगाें का प्रदर्शन किया जाएगा। जो भी पेटिंग वर्क बनाएगा उसे ऑनलाइन सैल करने के प्रयास किए जाएंगे। सीडीओ मनुज गोयल, प्रो. शेखर जोशी और वाराणसी से पहुंची प्रो. मंजुला चतुर्वेदी ने भी विचार रखे। ब्यूरो
लोगों ने कोसी में कयाकिंग का लिया मजा
अल्मोड़ा। महोत्सव के तहत कोसी में कयाकिंग, वाटर रोलर, वाटर जोर्बिंग का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा रॉक क्लाइबिंग, रैपिलिंग आदि का भी आयोजन किया गया और लोगों ने खूब आनंद उठाया।
एचएम में मास्टर शेफ प्रतियोगिता
अल्मोड़ा। जगत सिंह बिष्ट राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान में मास्टर शेफ प्रतियोगिता के सेमीफाइनल चरण में प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाए। इस दौरान द कुमाऊं के रिजार्ट के जनरल मैनेजर पुष्कर सिंह नेगी, रीता दुर्गापाल, शैफ रजत पांडे ने निर्णायक की भूमिका निभाई। 12 प्रतिभागियों में से पांच लोगों का चयन फाइनल राउंड के लिए किया जाएगा। फाइनल रविवार को होगा।
छायाकारों के लिए जीआईसी में लगी फोटो प्रदर्शनी
अल्मोड़ा। जीआईसी परिसर के हॉल में शुक्रवार शाम को तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। डीएम नितिन सिंह भदौरिया और एसएसपी पीएन मीणा ने उद्घाटन किया। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि जल्द ही उदयशंकर नाट्य अकादमी में छायाकारों के लिए स्थायी गैलरी तैयार की जाएगी। प्रदर्शनी में नगर के वरिष्ठ और युवा छायाकार थ्रीश कपूर, मनमोहन चौधरी, जयमित्र बिष्ट, डा. महेंद्र मिराल, चेतन कपूर, कपिल मल्होत्रा, विभा बिष्ट, पूनम, नीरज पांगती, देवेश बिष्ट, वीरेंद्र सिजवाली, जाफर खान, शरद मेनन, वैभव जोशी, यीशू चौधरी ने अपनी विशेष फोटो का प्रदर्शन किया। इसमें एसएसपी पीएन मीणा ने भी अपनी फोटो प्रदर्शनी के लिए लगाई हैं। प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले को पांच हजार, द्वितीय को तीन तथा तृतीय स्थान में रहने वाले को दो हजार रुपये ईनाम से पुरस्कृत किया जाएगा।