सीएचसी को पीपीपी मोड से हटाने की मांग को लेकर उक्रांद के बैनर तले चलाया जा रहा आंदोलन 25वें दिन और क्रमिक अनशन 15वें दिन भी जारी रहा। रविवार को चार लोग अनशन पर बैठे। उन्होंने पीपीपी मोड हटने तक अनशन पर डटे रहने की धमकी दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पीपीपी मोड से हटाकर पुरानी सरकारी व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कहा कि जनशक्ति के बल पर सरकार को हर हाल में उनकी मांग पूरी करनी पडे़गी।
कहा कि सीएचसी को पीपीपी मोड से हटाने के लिए अंतिम दम तक संघर्ष किया जाएगा। रविवार को लोकमान सिंह मेहता, गोपाल सिंह बिष्ट, श्याम सिंह मेहरा, प्रेम पालीवाल सहित चार लोग क्रमिक अनशन पर बैठे। वहां उक्रांद के जिलाध्यक्ष गजेंद्र नेगी, रमेश अधिकारी, आनंद किरौला, प्रेम सिंह अटवाल, कैलाश गिरी, आनंद नाथ, गजेंद्र सिंह बिष्ट, अमर सिंह आदि ने विचार व्यक्त किए। पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इधर आंदोलनकारियों की ओर से संयोजक गजेंद्र नेगी द्वारा थानाध्यक्ष को भेजे पत्र में आंदोलन स्थल पर शांति, सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस की मांग की गई है।