रानीखेत (अल्मोड़ा)। दुकानों की छापेमारी को पर्यटन नगरी पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम का व्यापारियों ने विरोध कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि नगर में दुकानदारों को छावनी परिषद खाद्य लाइसेंस देती है, छापेमारी का अधिकारी भी कैंट बोर्ड का ही है।
टीम के सदस्यों के साथ लंबी बहस हुई। व्यापारियों की दलीलों के आगे सुरक्षा टीम की एक न चली टीम को बाद में बैरंग लौटना पड़ा। शुक्रवार की सुबह प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अभिहित अधिकारी एसएस रावत के नेतृत्व में यहां पहुंची और दुकानों में खाद्य पदार्थों की सेंपलिंग भरनी शुरू कर दी।
छापेमारी की सूचना अन्य व्यापारियों तक पहुंच गई, इस पर दुकानदारों का पारा चढ़ गया। जिला व्यापार संघ, नगर व्यापार संघ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में व्यापारी बाजार में एकत्र हुए और सुरक्षा विभाग की टीम के साथ बहस शुरू हो गई। व्यापारियों का कहना था कि वह लोग कैंट बोर्ड के अधीन हैं। यहां छावनी परिषद खाद्य लाइसेंस देती है, अलबत्ता उन्हीं का अधिकार है कि वह लोग नियमित रूप से बाजार में निरीक्षण का कार्य करें।
कहा कि व्यापारी जिला प्रशासन की छापेमारी की कार्रवाई का पुरजोर विरोध करेंगे। बाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। इस अवसर पर व्यापार संघ जिलाध्यक्ष मोहन नेगी, नगर अध्यक्ष भगवंत नेगी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह, वरिष्ठ व्यापारी नंद किशोर गर्ग सहित तमाम व्यापारी और अधिकारी मौजूद थे।