अल्मोड़ा। 20 सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम प्रधान संगठन की ओर से हवलबाग ब्लॉक कार्यालय में की जा रही तालाबंदी मंगलवार स्थगित कर दी गई है। संगठन की मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने के लिखित आश्वासन के बाद प्रधानों ने तीन दिन के लिए आंदोलन स्थगित किया। मांग पूूरी नहीं होने पर दोबारा से धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को ग्राम प्रधानों ने विकासखंड स्तर की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय में ताला जड़कर आंदोलन शुरू कर दिया था। मंगलवार को परियोजना निदेशक केएन तिवारी, जिला पंचायती राज अधिकारी राजेंद्र गुंज्याल और खंड विकास अधिकारी संतोष जेठी ने आंदोलनरत प्रधानों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने और तीन दिन के भीतर प्रगति रिपोर्ट देने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रधानों ने ताला खोल दिया। प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो रणनीति बनाकर आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा। इस दौरान महामंत्री विनोद जोशी, मंत्री प्रमोद जोशी, किशन सिंह, एबीडीओ रमेश कनवाल, प्रभारी एडीओ पंचायत चुनाव तनुजा गोस्वामी आदि मौजूद रहे। संवाद