अल्मोड़ा। चंडीगढ़ में 10 से 15 जनवरी तक चले ऑल इंडिया जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट में अदिति भट्ट ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और कांस्य पदक जीता है। अदिति ने युगल में स्वर्ण और एकल में कांस्य पदक जीता है।
महिला युगल के फाइनल में अदिति ने जोड़ीदार कर्नाटक की तानया हेमंत के साथ खेलते हुए उत्तर प्रदेश की श्रुति मिश्र और शाल्जा शुक्ला की जोड़ी को आसानी से 21-11 और 21-9 से हराकर युगल खिताब अपने नाम किया। इससे पहले सेमीफाइनल में उन्होंने दिल्ली की जोड़ी रिया और दीप सिखा को 21-10 और 21-17 से हराया था। महिला एकल के सेमीफाइनल में अदिति को उत्तर प्रदेश की मानसी सिंह से 18 -21 और 16 -21 से हार का सामना करना पड़ा और अदिति को कांस्य पदक मिला। उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के चीफ पैटर्न अशोक कुमार समेत खिलाड़ियों ने अदिति के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खुशी जताई है। अदिति भट्ट और पिछले दिनों ध्रुव रावत के शानदार प्रदर्शन पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदोरिया, पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, सचिव उत्तरांचल बैडमिंटन बीएस मनकोटी, अल्मोड़ा बैडमिंटन परिवार के राम अवतार, प्रशांत जोशी, सुरेश कर्नाटक, गोकुल मेहता, एएनएस रजवार, हेम तिवारी, जगमोहन फर्तियाल ,राकेश जैसवाल, डॉ. संतोष बिष्ट समेत कई खेल प्रेमियों ने अदिति भट्ट और कोच डीके सेन को बधाई दी है।