अल्मोड़ा। विद्यालयी शिक्षा, युवा कल्याण एवं पंचायती राज मंत्री अरविंद पांडे ने बुधवार को देहरादून से वर्चुअल क्लास रूम के माध्यम से स्वामी विवेकानंद ई-युवा सम्मेलन पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ें, ताकि भविष्य में इन युवा वॉलिंटियर्स की मदद ली जा सके।
मंत्री ने सभी युवा कल्याण अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं को पोर्टल से जोड़ने के साथ ही वॉलिंटियर्स की सूची बनाते समय उनका नाम, पता और मोबाइल नंबर अवश्य रूप से दर्ज करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूरा विश्व कोरोना महामारी से जूझ रहा है। संकट की इस घड़ी में सभी को एकजुटता के साथ इस महामारी से लड़ना होगा। प्रदेश में अनेक महिला, युवक मंगल दल और स्वयं सहायता समूह के स्वंयसेवकों कोरोना महामारी के दौरान बेहतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार से जुड़ें, ताकि उन्हें रोजगार के लिए अन्य प्रदेशों में ना जाना पड़े। इससे प्रदेश का व्यापार भी बढे़गा। उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति को बचाए रखने के भी प्रयास करने होंगे। अल्मोड़ा का ताम्र उद्योग आज भी अपनी संस्कृति का संजोए हुए है। युवाओं से अपील की कि वह पोर्टल में अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में वह प्रदेश हित में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का अधिक से अधिक लाभ युवा उठाएं। मौजूद कई लोगों ने अपने सुझाव भी मंत्री के सम्मुख रखे। इस अवसर पर जीजीआईसी अल्मोड़ा में डीडीओ केके पंत, प्रभारी सीईओ रायसाहब यादव, बीईओ हवालबाग प्रकाश सिंह जंगपागी, युवा कल्याण विभाग के बलवंत सिंह लटवाल, टीएस गड़िया, गोविंद सिंह सहित मंगल दल के सदस्य मौजूद थे।