पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते एसएसपी मीणा।
- फोटो : amar ujala
एसएसपी पीएन मीणा ने सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चोरी और नकबजनी की घटनाओं को रोकने के लिए बीट पुलिस को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए ग्राम समितियों, ग्राम प्रहरियों, प्रधानों, मोहल्ला सुरक्षा समितियों के साथ लगातार बैठक करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा नशे खिलाफ आपरेशन नया सवेरा द्वारा चलाए जा रहे अभियान में और ज्यादा तेजी लाने को कहा।
पुलिस कार्यालय में जिले के सभी थाना प्रभारियों की बैठक लेते हुए उन्होंने व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्वीटर और इंस्टाग्राम में चलाए जा रहे विद्वेष के प्रति लोगों को भड़काने और ऐसी पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने चेकिंग अभियान चलाकर तस्करी, नशेबाजी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, सार्वजनिक स्थान में धूम्रपान करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।
उन्होंने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर पुलिस अधिकारियों को बीट पुलिसिंग और सूचना तंत्र को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने लंबित घटनाओं, लंबित जांचों की समीक्षा में तेजी लाने को भी कहा। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक कमल राम आर्य, वीर सिंह के अलावा वाचक श्याम सिंह रावत और सभी थानों के प्रभारी मौजूद थे।