रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर से सटे गनियाद्योली और ट्रांजिट कैंप में शनिवार की देर रात मोटर गैराज में चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों के पास से चोरी किया गया माल भी बरामद हो गया है।
शनिवार की देर रात चोरों ने गनियाद्योली और ट्रांजिट कैंप के पास भारत भूषण के मोटर गैराज, प्रयागदत्त जोशी की वेल्डिंग, परचून की दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये का माल चुरा लिया था।
इस मामले में पुलिस ने यहां किलकोट निवासी श्रमिक विनोद शर्मा और चिलियानौला निवासी कबाड़ का कार्य करने वाले मो. इस्लाम को यहां एनसीसी मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया है। एसआई धीरज पंत ने बताया कि दोनों ने अपराध भी कुबूल लिया है। चोरी किया गया गैस सिलेंडर, टूल्स, पेंटगन आदि सामान भी बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।