अल्मोडा कलक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेते डीएम नितिन सिंह भदौरिया।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण के सामुदायिक प्रसार (कम्युनिटी ट्रांसफर) को रोकने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में सर्विलांस और सैंपलिंग बढ़ाई जानी है। जिससे सामुदायिक संक्रमण का पता चल सके। डीएम कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को और अधिक सजग रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में आशा, एएनएम के माध्यम से सर्विलांस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मेडिकल जांच में तेजी लाएं। उन्होंने कहा की कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए ज्यादा से ज्यादा सैंपलिंग की जाएगी, जिससे संक्रमण के क्षेत्र का पता चल सके। क्वॉरंटीन सेंटरों में रह रहे लोगों की रेंडम सैंपल की जाए। इनके साथ-साथ ही अन्य लक्षण वाले लोगों के भी सैंपल लिए जाएं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग जरुरी तैयारियां सुनिश्चित कर ले।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण का सामुदायिक प्रसार तो नहीं हुआ है इसका पता करने के लिए गांव-गांव जाकर सैंपलिंग करनी होगी। संक्रमण रोकने के लिए ठोस योजना तैयार करनी होगी। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर संक्रमित व्यक्ति को निकट के कोविड-19 केयर सेंटर में भर्ती कर उसका उपचार किया जाएगा। अधिक लक्षण पाए जाने वाले व्यक्तियों को बेस अस्पताल के के कोरोना वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जाएगा। बैठक में उप जिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सविता हयांकी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, जिला कार्यक्रम समन्वयक दीपक भट्ट, विनोद राठौर के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।