अल्मोड़ा। ढूंगाधारा निवासी एक वृद्ध को शनिवार दिन में घर के अंदर घुसकर एक युवक ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल वृद्ध के चिल्लाने पर उनकी बहू और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया। इस दौरान युवक मौके से फरार हो गया। घायल वृद्ध को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। शाम को पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ढूंगाधारा निवासी सांख्यिकी विभाग से सेवानिवृत्त 70 वर्षीय रमेश चंद्र पंत शनिवार दिन में अपने कमरे में बैठे हुए थे। अचानक एक 29 वर्षीय एक युवक उनके घर में सब्जी काटने वाला चाकू लेकर घुस आया। घर में अलग कमरे में मौजूद रमेश चंद्र पंत की बहू कल्पना पंत ने युवक को चाकू के साथ देेखा तो उसको आवाज लगाकर टोका।
इस दौरान युवक ने कल्पना पर हमला करने की कोशिश की। कल्पना के चिल्लाने पर उनके ससुर रमेश चंद्र पंत वहां पहुंचे तो युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। युवक ने वृद्ध रमेश चंद्र पंत के शरीर में विभिन्न जगहों पर वार करने की कोशिश की।
बचने की कोशिश में उन्होंने युवक का हाथ पकड़ने की कोशिश की तो युवक ने उनके हाथ पर चाकू से वार कर दिया। इधर उनकी बहू ने चिल्लाकर पड़ोसियों को बुला लिया। आवाज सुनकर पड़ोसी भी उनके घर पहुंचे और युवक को दबोचने का प्रयास किया। लेकिन भीड़ देेखकर युवक मौके से फरार हो गया। घायल रमेश पंत को लोग तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
इलाज कर रहे डॉ. अनूप साह ने बताया कि घायल रमेश पंत के दोनों हाथ में 30 टांके लगाए गए हैं। घायल वृद्ध ने बताया कि चाकू मारने वाले युवक को वह नहीं पहचानते हैं और युवक पिछले माह भी उनके घर आया था। वहीं उनकी बहू कल्पना पंत ने पुलिस को बताया कि चाकू मारने वाला युवक गोविंद जोशी उनकी बुआ का बेटा है और दन्या फूलबाग में रहता है। इलाज के बाद चिकित्सक ने घायल वृद्ध को घर भेज दिया। इधर पुलिस शाम को चाकू मारने वाले युवक को पकड़कर थाने ले आई और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। इधर कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 452/307/504/506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।