तेंदुए के मारे जाने के बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने स्तर से पड़ताल की। क्षेत्र के रेंज अधिकारी हरीश चंद्र टम्टा ने कहा है कि मारा गया तेंदुआ ही आदमखोर है। उन्होंने बताया कि मारे गए तेंदुए की उम्र करीब 13 साल है और यह नर है। उसकी लंबाई दो मीटर 10 सेमी थी। उन्होंने कहा कि जो पंजे और शरीर के अन्य निशान बाड़ीकोट में दिखाई दिए थे वही पनपोला में भी पाए गए हैं।
तेंदुआ मारे जाने से क्षेत्र में खुशी की लहर
आदमखोर तेंदुए के मारे जाने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है और काफी संख्या में लोग मारे गए आदमखोर को देखने मौके पर पहुंच गए। कई लोगों ने मृत तेंदुए के साथ फोटो भी खिंचवाए। लोगों का कहना है कि आदमखोर के मारे जाने के बाद महिलाएं खेतों में निर्भय होकर काम करने जा सकेंगी।
कुछ दिन शूटर तैनात रखने की मांग
नगर पंचायत भिकियासैंण के गांधीनगर वार्ड के सभासद नरेंद्र सिंह बिष्ट ( बिट्टू ) ने उपजिलाधिकारी राहुल शाह को ज्ञापन सौंपकर बाड़ीकोट में पूर्व की तरह ही पिंजरा और शूटरों को तैनात रखने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि सोमवार शाम तेंदुए पर फायरिंग होने के बाद भी बाड़ीकोट गांव में रात को तेंदुए की आहट सुनाई दी है जिससे ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों को आशंका है कि क्षेत्र में कोई और तेंदुआ भी सक्रिय हो सकता है।। संवाद
राष्ट्रीय निशानेबाज रह चुके हैं अदनान
नगर पंचायत भिकियासैंण में आतंक का पर्याय बन चुके आदमखोर तेंदुए को शूट करने वाले शिकारी अली अदनान राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग में चार पदक जीत चुके हैं। 14 वर्ष की उम्र से ही निशानेबाजी प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए 2007 में उत्तराखंड के शिकारी दल में शामिल हो गए थे, जिसका परमिट भी सरकार द्वारा उनको दिया गया है। 42 वर्षीय अदनान राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप के साथ ही बिजनौर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनका कृषि फार्मिंग का व्यवसाय है। उन्होंने 350 गज की दूरी से आदमखोर को ढेर किया है।