विश्वनाथ क्षेत्र में विडियों में शिकार के साथ नजर आता तेंदुआ।
- फोटो : स्रोत- विडियों ग्रैब
अल्मोड़ा नगर के पास स्थित विश्वनाथ क्षेत्र में एक तेंदुए के अपने जबड़े में शिकार दबाए दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत बढ़ गई है। इस मंजर को एक राहगीर ने कैमरे में कैद कर लिया जो वायरल हो रहा है। वीडियो में तेंदुआ अपने शिकार के साथ नजर आ रहा है। बुधवार रात हुई इस घटना के बाद बृहस्पतिवार सुबह से तेंदुए का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहा है। तेंदुओं की सक्रियता बढ़ने से विश्वनाथ, बख, बजवाड़, खेरदा, मुना, चौनुली आदि क्षेत्रों में दहशत बढ़ गई है। हालात ये हैं कि अब अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक उन्हें हर रात तेंदुओं की गुर्राहट सुनाई देती है। ऐसे में शाम होते ही लोग घरों के भीतर कैद रहने का मजबूर हैं। वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम आर्या ने बताया कि शिकायत मिलने पर टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम ने प्रभावित क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता पता करने के लिए गश्त कर लोगों को जागरूक किया।
वन विभाग ने पिंजरों और ट्रैप कैमरों की जांच की
अल्मोड़ा वन क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने झिझाड़, तल्ला किरड़ा, पतनियानैल, भैसोड़ी आदि प्रभावित क्षेत्रों में गश्त कर ग्रामीणों को मानव वन्यजीव संघर्ष रोकथाम के लिए जागरूक किया। वन विभाग की टीम ने जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार शिविर में भी प्रतिभाग किया। टीम ने रानीधारा, मल्ला जोशी खोला, भैसोड़ी और मटेला गांव में लगाए पिंजरों और ट्रैप कैमरों की जांच की। वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम आर्या ने बताया कि तेंदुओं की दहशत से लोगों को निजात दिलाने के लिए वन विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। अगर लोग वन विभाग की ओर से की जा रही अपीलों पर गंभीरता दिखाएं तो मानव वन्यजीव संघर्ष पर पूरी तरह रोक लग सकेगी।