दौलाघट के गेवापानी में शिक्षकों की वाहन पर झपटता तेंदुआ।
अल्मोड़ा। दौलाघट क्षेत्र के गेवापानी में स्कूल जा रहे शिक्षकों के वाहन पर तेंदुए के झपटने से वाहन में सवार शिक्षक सहम गए। गनीमत रही वाहन के शीशे बंद थे नहीं तो बढ़ा हादसा हो सकता था।
शुक्रवार की सुबह इंटर कॉलेज दौलाघट, प्राथमिक स्कूल दौलाघट सहित अन्य विद्यालयों में तैनात करीब 10 शिक्षक रोजाना की तरह वाहन से अपने विद्यालयों को जा रहे थे। गेवापानी के पास अचानक जंगल से निकलकर एक तेंदुआ वाहन के काफी पास आ गया। चालक और शिक्षकों के शोर मचाने पर वह वाहन की ओर झपट पड़ा। तेंदुए की गुर्राहट से वाहन में सवार शिक्षक सहम गए। वाहन के शीशे बंद होने से तेंदुआ किसी को नुकसान नहीं पहुंचा सका। इस बीच किसी शिक्षक ने इस घटना का वीडियो बना लिया। अब इस घटना के बाद से शिक्षकों में तेंदुए की दहशत और भी बढ़ गई है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश में गश्त शुरू कर दी है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल खोलिया सहित क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग से तेंदुए के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
गेवापानी में तेंदुए दिखाई देने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए की सक्रियता जानने के लिए गश्त शुरू कर दी है। टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। जरूरत पड़ने पिंजरा भी स्थापित किया जाएगा।
- मनोज लोहनी, रेंजर सोमेश्वर रेंज अल्मोड़ा