अल्मोड़ा। औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने शनिवार को मेडिकल काॅलेज में संचालित हो रहे औषधि भंडार में छापा मारा। उन्होंने पांच दवाओं के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए रुद्रपुर स्थित विश्लेषणशाला भेजा जाएगा।
आयुक्त, खाद्य संरक्षा और औषधि प्रशासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में औषधि निरीक्षक ने शनिवार को स्प्यूरीयस एवं अधोमानक दवाइयों की रोकथाम के लिए नगर क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल स्टोरों में लाइसेंस की उपलब्धता, रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट की उपस्थिति में औषधियों के क्रय विक्रय की जांच की गई। सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरे और उसकी रिकॉर्डिंग भी चेक की गई। एक्सपायरी दवाओं के लिए उचित रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। मेडिकल संचालकों को नारकोटिक औषधियों को डाॅक्टर के पर्चे पर देने के निर्देश दिए। कहा कि जिले में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उनके सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है।