अल्मोड़ा। सावन माह के तीसरे सोमवार को जागेश्वर धाम और जिले के अन्य शिवालयों में भक्तों की खासी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव के दर्शन कर मन्नतें मांगीं। जागेश्वर धाम में तीसरे सोमवार को 450 से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मंदिर में 40 ऑनलाइन पूजा हुई। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने ऑनलाइन रुद्राभिषेक पूजा कराई।
सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में भक्त जागेश्वर धाम समेत जिले के अन्य शिवालयों में पहुंचे। उन्होंने मंदिर में दर्शन कर बाबा भोलेनाथ के चरणों में शीश नवाया। जागेश्वर धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। केंद्र सरकार की गाइड लाइन के तहत श्रद्धालुओं को मंदिरों में जलाभिषेक की अनुमति नहीं है।
भक्त दर्शन कर जलाभिषेक किए बगैर ही लौटे। जागेश्वर धाम में भक्तों ने घर बैठे ही ऑनलाइन संकल्प पूजा, रुद्राभिषेक, महामंत्युजय का जाप, पार्थिव पूजन कराया। सोमवार को जागेश्वर में 40 ऑनलाइन पूजा हुई। जिसमें पांच पार्थिव पूजन के अलावा संकल्प पूजा, रुद्राभिषेक, महामंत्युजय का जाप आदि शामिल है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ऑनलाइन रुद्राभिषेक पूजा कराई। जागेश्वर धाम में पंडित बसंत बल्लभ भट्ट, हंसा दत्त भट्ट, कैलाश भट्ट, संजय भट्ट, अशोक भट्ट, लक्ष्मी दत्त भट्ट, लीला दत्त भट्ट, तारा चंद्र, गिरीश चंद्र, हेमंत भट्ट, कमल भट्ट, शुभम भट्ट ने ऑनलाइन पूजा संपन्न कराई। जिले के रत्नेश्वर, बालेश्वर, एनटीडी शिवालय, बद्रेश्वर, पातालदेवी, बेतालेश्वर, विश्वनाथ, देवस्थल आदि शिव मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ रही। शिवालयों में बम-बम भोले, ऊॅं नम: शिवाय के स्वर गूंजे। बता दें कि कोरोना महामारी के कारण इस बार जागेश्वर धाम में एक माह तक चलने वाला श्रावणी मेला सादगी के साथ मनाया जा रहा है। मेले में दुकानें आदि भी नहीं लगी हैं और न ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।