रानीखेत (अल्मोड़ा)। चिलियानौला बधाण के दाड़मी तोक में 13 वर्षीय बालक का संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे से लटका शव मिला है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। बालक चिलियानौला जूनियर हाईस्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। घर में वह अपने पिता के साथ रहता था। राजस्व पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया है।
नायब तहसीलदार दौलत राम टम्टा ने बताया कि दाड़मी गांव निवासी प्रकाश राम का पुत्र राहुल जूनियर हाईस्कूल चिलियानौला में आठवीं कक्षा का छात्र था। प्रकाश राम टैक्सी चालक है, जबकि उनकी पत्नी बाहर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। घर पर पिता और पुत्र ही रहते थे। नायब तहसीलदार ने बताया कि प्रधान गोपाल राम की सूचना पर रविवार सुबह वह टीम के साथ दाड़मी गांव पहुंचे। राहुल का शव बल्ली पर साड़ी के फंदे पर लटका था जबकि घुटने जमीन पर थे । राहुल के गले में फंदे के गहरे जख्म थे। पूछताछ में बच्चे के पिता प्रकाश राम ने बताया कि शनिवार देर शाम जब वह घर पहुंचा तो उसने राहुल को फंदे पर लटका हुआ पाया। नायब तहसीलदार ने मामले को संदिग्ध बताया है। बताया जाता है कि राहुल शनिवार को स्कूल भी नहीं गया था।