जैंती (अल्मोड़ा)। जैंती तहसील में पिछले डेढ़ माह से रसोई गैस नहीं पहुंची है। इससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने रसोई गैस की शीघ्र आपूर्ति नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
जैंती तहसील के शहरफाटक, मौरनौला, जैंती, चौखुरी, सुनाड़ी, बिरखम, पुभाऊं, बाराकोट आदि क्षेत्रों में पिछले डेढ़ माह से गैस नहीं पहुंची है। उपभोक्ता रसोई गैस वितरण की निर्धारित तिथि को गैस वितरण स्थल पर पहुंचते हैं लेकिन रसोई गैस का वाहन नहीं आने के कारण उनको खाली हाथ लौटना पड़ता है। इससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर ढुलान का अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ता है। गैस की किल्लत के कारण उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के लोग जंगलों से लकड़ी लाकर खाना बनाने को मजबूर हैं। व्यापार मंडल जैंती के अध्यक्ष हर सिंह नेगी ने गैस की शीघ्र आपूर्ति नहीं होने पर लोगों को साथ लेकर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। प्रधान राजेंद्र जोशी, कुंवर सिंह नेगी, पूरन सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहन सिंह कुंजवाल, प्रताप राम आदि ने रसोई गैस शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की है। इधर इंडेन गैस एजेंसी अल्मोड़ा के सहायक प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि जैंती में 12 अक्तूबर को गैस भेजी गई थी। दो तीन दिन में बाराकोट आदि क्षेत्रों में गैस भेजी जाएगी।