अल्मोड़ा। दुग्ध संघ ने प्रति दिन दूध का उपार्जन 10 हजार लीटर से बढ़ाकर 14 हजार लीटर करने और बिक्री भी आठ हजार लीटर से बढ़ाकर 14 हजार लीटर करने का लक्ष्य रखा है। तय हुआ कि दीपावली में लोगों को शुद्ध खोया उपलब्ध कराया जाएगा।
शनिवार को दुग्ध संघ में हुई बैठक में अध्यक्ष दीप डांगी और प्रधान प्रबंधक पीसी शर्मा ने कर्मचारियों, अधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदारियां सौंपी। बताया गया कि वर्तमान में दुग्ध संघ में हर रोज दूध का उपार्जन 10 हजार और बिक्री आठ हजार लीटर है। स्थिति में सुधार के उपार्जन और बिक्री बढ़ाई जा रही है। यह भी तय हुआ कि दुग्ध संघ लोगों को शुद्ध खोया और चाकलेट भी उपलब्ध कराएगा। खोये की की मांग को देखते हुए उत्पादन में बढ़ोत्तरी की जाएगी।
बैठक के बाद दुग्ध संघ अध्यक्ष और प्रधान प्रबंधक ने बताया कि खोये और चाकलेट के दाम 250 रुपए किलो निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय व्यवसायियों को भी उचित कमीशन के साध उक्त उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बैठक में सभी प्रभारी और कर्मचारी मौजूद थे।