अल्मोड़ा। पुलिस ने बगैर हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल के निर्देश पर पुलिस ने एक पखवाड़े में करीब 450 दोपहिया चालकों का चालान काट कर 48,100 रुपए जुर्माना वसूला है। नियमों का उल्लंघन करने वालों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
पुलिस की कई टीमें नगर के अग-अलग क्षेत्रों में आकस्मिक चेकिंग कर रही है। पुलिस उपाधीक्षक आरएस ह्यांकी ने बताया कि दोपहिया चालकों और पीछे बैठने वालों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनना जरूरी है। पहले चरण में बगैर हेलमेट पकड़े जाने वाले चालकों का चालान किया जा रहा है और सवारों को चेतावनी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पीछे बैठने वालों से भी जुर्माना वसूला जाएगा। यातायात निरीक्षक आरसी भट्ट ने बताया कि हेलमेट को लेकर प्रतिदिन अभियान चलाया जा रहा है।