सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और कृषि मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने यहां रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सोमेश्वर में पॉलीटेक्निक और ताकुला में आईटीआई का शिलान्यास किया। शिलान्यास समारोह में बीज ग्राम योजना के तहत सोमेश्वर में 135 काश्तकारों को 75 प्रतिशत अनुदान पर धान के बीज का वितरण भी किया गया।
मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि ताकुला में आईटीआई और सोमेश्वर में पॉलीटेक्निक खुलने से छात्र-छात्राओं को जहां अपने घर में ही तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा वहीं रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। सरकार स्वैच्छिक चकबंदी पर गांवों के विकास के लिए एक करोड़ की धनराशि मुहैया कराएगी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से किसान पेंशन योजना शुरू की जाएगी। विशिष्ट अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि कश्तकारों को सब्सीडी पर धान का बीज उपलब्ध कराने से उत्पादकता बढे़गी। पूर्व प्रमुख दीपक बोरा की मांग पर हरक सिंह रावत ने सोमेश्वर में एक ट्यूबवैल निर्माण की घोषणा की।
कृषि विज्ञान केंद्र मटेला के वैज्ञानिक डा. शिवदयाल, डा. दीपाली ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने, कृषि फसलों को बीमारियों से बचाने के लिए विभिन्न जानकारी दी। अध्यक्षता कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष भुवन खाती और संचालन दीपक बोरा ने किया। इस मौके पर सीडीओ डा. इकबाल अहमद, मुख्य कृषि अधिकारी अभय सक्सेना, डिप्टी डायरेक्टर कृषि कुमाऊं पवन कुमार, कृषि प्रभारी एनएस मेहरा, डा. शिवमंगल, एडीओ पंकज कांडपाल, तहसीलदार एनएस जीना, डा. भारती, बालम भाकुनी, राजेंद्र बोरा, भीम सिंह अल्मियां, किशोर नयाल, हरीश भाकुनी, चंदन वर्मा, राजवंती देवी, गोपाल मेहरा, बबलू अल्मियां आदि मौजूद थे।