अल्मोड़ा। अल्मोड़ा अर्बन को-आपरेटिव बैंक शीघ्र ही चार नई शाखाएं खोलेगा। वर्ष 2012-13 में बैंक का शुद्ध लाभ 15.01 करोड़ रहा। जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 3.86 करोड़ अधिक है। पिछले वर्ष की तुलना में 345.18 करोड़ की बढ़ोत्तरी होकर कार्यशील पूंजी 1739.80 करोड़ हो गई है। वित्तीय वर्ष 2012-13 में बैंक ने अपने अंशधारकों को 17 फीसदी लाभांश देने की घोषणा की है। बैंक ने 2014 तक तीन हजार करोड़ से अधिक का टर्न-ओवर का लक्ष्य रखा है।
बैंक की 22वीं वार्षिक सामान्य निकाय की कोणार्क होटल में हुई बैठक में बैंक के सचिव और महाप्रबंधक पीसी तिवारी ने बताया कि निक्षेपों में पिछले वर्ष की तुलना में 254.72 करोड़ की बढ़ोत्तरी होकर 1478.19 करोड़, ऋण और अग्रिमों में पिछले वर्ष की तुलना में 203.36 करोड़ की वृद्धि होकर 858.42 करोड़, बैंक की निजी पूंजी 150.88 करोड़ हो गई है। ग्रास एनपीए 0.51 फीसदी और नेट एनपीए शून्य है।
उन्होंने कहा कि बैंक के संपूर्ण कार्यक्षेत्र उत्तराखंड में 46 शाखाएं हैं। शीघ्र चार शाखाएं देहरादून, हर्बटपुर, मुनि की रेती और रुड़की में खुलेंगी। आरबीआई से अल्मोड़ा, देहरादून, हरिद्वार में एक-एक और हल्द्वानी में दो नए एटीएम खोलने की स्वीकृति मिल गई है। वर्ष 2012-13 में बैंक ने सात करोड़ से अधिक अग्रिम आयकर जमा किया है। बैंक की सभी शाखाएं सीबीएस हैं। ग्राहकों को आरटीजीएस, एनईएफटी और एसएमएस बैंकिंग की सुविधा प्रदान की है। जल्द बैंक के एटीएम से पूरे देश मेंकिसी अन्य बैंक के एटीएम से लेनदेन प्रारंभ हो जाएगा। अध्यक्षता बैंक के अध्यक्ष आनंद सिंह बगडवाल ने की। बैठक में बैंक के उपाध्यक्ष सुनील कुमार अग्रवाल, संचालक सीए विजय बंसल, नवीन अरोड़ा, लीला टम्टा, डा. सुशील कुमार गुरुरानी, प्रभा साह, आभा वर्मा, मो. मुमताज, डा. वीएन मिश्र, श्याम गंगोला, लक्ष्मण लाल वर्मा, विशन दत्त सवनाल, नयन राम, मुख्य सलाहकार कृष्ण कांत, आमंत्रित सदस्य आनंद सिंह ऐरी, गिरीश धवन, कमलेश बिष्ट, शंकर दत्त पांडे, गोविंद लाल वर्मा, प्रकाश पांडे आदि मौजूद थे।