रानीखेत। बाइक से हल्द्वानी की तरफ जा रहे कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के जवान की मल्ली पातली में विपरीत दिशा से आ रही रोडवेज बस के नीचे आ जाने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीव्र मोड़ पर जवान की बाइक रपट गई और असंतुलित होकर बस के नीचे आ गया। ग्रामीणों की सूचना पर नायब तहसीलदार और कानूनगो राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पहचान पत्र से पता चला कि जवान लालकुआं का रहने वाला था। राजस्व पुलिस ने उसके परिजनों और केआरसी के अधिकारियों को सूचना दे दी है।
कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र का जवान सुरेंद्र सिंह (28) पुत्र पान सिंह शाम तीन बजे बाइक संख्या यूके 04 एन-4586 से हल्द्वानी की तरफ जा रहा था। वह इन दिनों यही मुख्यालय में कार्यरत था। नायब तहसीलदार दौलत राम ने बताया कि शाम तीन बजे वह बाइक से हल्द्वानी की तरफ जा रहा था, लेकिन मल्ली पातली के तीव्र बैंड पर बाइक असंतुलित होकर रपट गई और सुरेंद्र विपरीत दिशा से रानीखेत की तरफ आ रही रोडवेज बस संख्या यूके 07-सीए0520 के टायरों के नीचे आ गया। जब तक रोडवेज चालक संभलता तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बाइक रपटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों का मौके पर हुजूम उमड़ पड़ा। सूचना पर वह कानूनगो अर्जुन लाल टम्टा और अन्य कर्मचारियों के साथ वहां पहुंचे। जेब से मिले पहचान पत्र से शिनाख्त हुई। जवान लालकुआं के संजय नगर का रहने वाला था। संभवत: जवान छुट्टी लेकर शाम के वक्त बाइक से अपने घर लालकुआं जा रहा था। परिजनों और केआरसी के अधिकारियों को सूचित करने के बाद शव का पंचनामा भरकर यहां राजकीय अस्पताल लाया गया है। परिजनों के आने के बाद 25 नवंबर को पोस्टमार्टम की कार्रवाई होगी।