अल्मोड़ा। जिला अस्पताल अल्मोड़ा में ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगने की कवायद तेज होने लगी है। प्लांट के लिए कार्यदायी संस्था को करीब 99 लाख रुपये का बजट अवमुक्त कर दिया गया है। अब जल्द प्लांट लगने की उम्मीद है।
कोरोना काल में ऑक्सीजन की खपत बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगने को पिछले दिनों मंजूरी मिल गई थी। बता दें कि अब तक अस्पताल में ऑक्सीजन सिलिंडर बाहर से मंगवाने पड़ते हैं। सिलिंडर रिफिलिंग कराने के लिए भी बाहर भेजे जाते हैं लेकिन अब ऑक्सीजन सिलिंडर की समस्या दूर हो सकेगी।
जिला अस्पताल अल्मोड़ा में 99 लाख रुपये के बजट से ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगना है। जिसके लिए कार्यदायी संस्था आरईएस को 99 लाख रुपये का बजट जारी हो गया है। संस्था को 99 लाख रुपये का बजट प्राप्त हो चुका है। जिसके बाद से कार्यादयी संस्था अब टेंडर प्रक्रिया की कार्रवाई में जुट गई है।
दिसंबर के दूसरे सप्ताह से अस्पताल में प्लांट लगाने का कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। आरईएस के अवर अभियंता शेखर पांडे ने बताया कि बजट मिल चुका है। बजट अवमुक्त होने के बाद टेंडर प्रक्रिया चल रही है। करीब 15 दिन के भीतर कार्य शुरू होने की उम्मीद है। उधर बेस अस्पताल में भी बड़ा ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जिसमें बेस अस्पताल के सभी आईसीयू बैड के लिए आक्सीजन बनेगी और आक्सीजन सिलिंडर मंगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।