अल्मोड़ा। पंचायत चुनाव परिणाम घोषित हुए ढाई माह से अधिक समय हो गया है। बावजूद इसके अभी तक 925 ग्राम पंचायतों का गठन नहीं हो पाया है। जिससे इन ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले गांवों में विकास कार्यों पर ब्रेक लग गया है। यही नहीं गांव स्तर की सरकार पूरी तरह अस्तित्व में नहीं आने से अभी तक भी प्रधानों का शपथ ग्रहण अधूरा है।
अल्मोड़ा जिले में 1160 ग्राम पंचायत हैं। ऐसे में जिलेभर में बहुत से ग्राम पंचायतों में दो तिहाई वार्ड सदस्य नहीं होने से ग्राम प्रधान ही शपथ नहीं ले पाए हैं। जिलेभर की तस्वीर देखें तो यहां ताड़ीखेत में कुल 130 ग्राम प्रधानों में से केवल 18 ही शपथ ले पाए हैं, जबकि 112 प्रधान अभी भी इंतजार में हैं। ताकुला के 89 में से सिर्फ 13, भैसियाछाना के 53 में से नौ, चौखुटिया के 95 में से 20, हवालबाग के 126 में से 36, सल्ट के 138 में से 38, भिकियासैंण के 99 में से 27, स्याल्दे के 95 में से 12, धौलादेवी के 110 में से 28, लमगड़ा के 103 में से 16 और द्वाराहाट के 122 में से केवल 18 प्रधान शपथ ग्रहण कर पाए हैं।
प्रधानों का शपथ ग्रहण न होने से गांव के विकास कार्य अटक गए हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रधानों के बिना गांव तक नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक स्थिति जल्द ठीक नहीं हुई तो जनता को परेशानी उठानी पड़ेगी। वहीं अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया पूरी होते ही सभी प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी। संवाद
क्यों हो रही है देरी
जानकारों के मुताबिक, ग्राम प्रधानों का शपथ ग्रहण तभी हो सकता है जब ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा हो जाए। कई जगहों पर अब तक पंचायत सदस्यों ने शपथ नहीं ली है, जिस कारण प्रधान भी शपथ से वंचित हैं। नियम के अनुसार, बिना पंचायत सदस्यों के कोरम के प्रधानों की शपथ अधूरी मानी जाएगी। यही वजह है कि प्रधानों को मजबूरी में इंतजार करना पड़ रहा है। संवाद
कामकाज पर पर पड़ रहा है असर
प्रधानों का शपथ ग्रहण अधूरा रहने से गांव के विकास कार्य ठप हैं। योजनाओं का लाभ जैसे निर्माण कार्य, सफाई व्यवस्था, पानी-बिजली से जुड़े फैसले और लाभार्थियों का चयन सब कुछ अटका हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान गांव के विकास के लिए रीढ़ होते हैं, ऐसे में उनके बिना गांव के विकास कार्य अधूरी है। संवाद
-
ग्राम प्रधान की जिम्मेदारियां
- ग्राम सभा व पंचायत की बैठक बुलाना
- सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन
- सड़क, पानी, बिजली व सफाई व्यवस्था
- प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सेवाएं
- फंड का प्रबंधन व खर्च की निगरानी
- छोटे विवादों का निपटारा करना
- आपदा राहत और बचाव कार्य
-
जनपद में संगठित और असंगठित ग्राम पंचायतों की संख्या
विकासखंड - ग्राम पंचायत संगठित ग्राम पंचायत असंगठित ग्राम पंचायत
ताड़ीखेत 130 18 112
ताकुला 89 13 76
भैसियाछाना 53 9 44
चौखुटिया 95 20 75
हवालबाग 126 36 90
सल्ट 138 38 100
भिक्यासैण 99 27 72
स्यादे 95 12 83
धौलादेवी 110 28 82
लमगड़ा 103 16 87
द्वाराहाट 122 18 104
कोट
ग्राम पंचायत में आवश्यक सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण जिले के कई प्रधानों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम सम्पन्न नहीं हो सका। शीघ्र ही इस संबंध में कार्यवाही कर नई तिथि घोषित की जाएगी।-
राजेंद्र कुमार गुंज्याल, जिला पंचायत राज अधिकारी अल्मोड़ा