अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज हवालबाग की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का प्रसार प्रशिक्षण केंद्र हवालबाग में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर में शिविरार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।
समापन पर मुख्य अतिथि हवालबाग के खंड विकास अधिकारी पंकज कांडपाल ने कहा कि एनएसएस समाज सेवा करने का बेहतर माध्यम है।
विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ ही इस तरह की गतिविधियों में भी हिस्सा लेना चाहिए। शिविर में पांच दलों में निशा पंत, अंजू नेगी, ज्योति, रितिक नेगी, राहुल नेगी ने श्रेष्ठ शिविरार्थी का पुरस्कार जीता। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में निशा पंत प्रथम, रितिक नेगी द्वितीय, अंकिता बिष्ट और सपना नेगी तृतीय रहीं।
इस मौके पर स्वयं सेवकों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। शिविरार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा, जननी सुरक्षा, टीकाकरण, नशे के दुष्प्रभाव आदि की जानकारी दी गई। स्वयं सेवकों ने ज्योली, घनेली, हवालबाग, कटारमल आदि क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शंकर दत्त भट्ट ने राष्ट्रीय सेवा योजना की जानकारी दी। अध्यक्षता प्रधानाचार्य मदन सिंह मेर ने की।