अल्मोड़ा। बीएससी प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर में फेल हो चुके छात्रों को सेमेस्टर में प्रवेश नहीं दिए जाने और अन्य मुद्दों को लेकर नाराज एसएसजे परिसर के छात्रों ने परिसर में नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया और प्रभारी परिसर निदेशक का घेराव किया।
छात्रों का कहना था कि बीएससी प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षाफल में अनियमितताएं की गई हैं और अधिकांश छात्रों को फेल कर दिया गया है। उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं के गलत मूल्यांकन का भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि फेल हुए छात्रों को तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। जिससे छात्र-छात्राएं परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि अधिकांश छात्र-छात्राओं का परीक्षाफल वेब साइट में उपलब्ध नहीं है जिससे उनका अगले सेमेस्टर में प्रवेश भी नहीं हो पा रहा है। छात्र नारेबाजी करते हुए निदेशक कार्यालय पहुंचे और वहां मौजूद प्रभारी परिसर निदेशक प्रो.जेएस बिष्ट का घेराव किया। संतोषजनक वार्ता नहीं होने पर छात्र लौट आए और बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने इन मुद्दों को लेकर आगे भी आंदोलन करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में छात्र संघ अध्यक्ष सुनील सिंह, महासचिव आशीष पंत, नवल बिष्ट, राहुल खोलिया, उज्जवल जोशी, अक्षय कुमार, शंकर जोशी, संदीप तड़ागी, मनीष टम्टा, राजेंद्र जोशी आदि थे।